मास्को,26 मार्च)ए)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि इस संघर्ष के असर का अंदाजा लगाना अभी मुश्किल है, लेकिन इसके परिणाम कोरोना महामारी जैसे हो सकते हैं। पुतिन ने साफ कहा कि यह युद्ध केवल क्षेत्रीय नहीं बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और सप्लाई सिस्टम को प्रभावित कर रहा है। इससे वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है। बिजनेस लीडर्स से बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि अभी तक इस संघर्ष के परिणामों का सही अनुमान लगाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो देश इस युद्ध में शामिल हैं, वे खुद भी इसके भविष्य को लेकर स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में बाकी दुनिया के लिए स्थिति और ज्यादा अनिश्चित हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ आकलनों में इस संकट की तुलना कोरोना महामारी से की जा रही है।उन्होंने बताया कि हाइड्रोकार्बन, धातु और उर्वरक जैसे क्षेत्रों पर भारी दबाव पड़ रहा है। इससे वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ रही है और कई देशों की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कंपनियों को भी बड़े नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो यह संकट कोरोना महामारी जैसा बड़ा आर्थिक झटका दे सकता है। उन्होंने याद दिलाया कि कोरोना के दौरान पूरी दुनिया की रफ्तार धीमी पड़ गई थी और हर देश प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया का यह युद्ध भी उसी तरह विकास को रोक सकता है और वैश्विक संकट पैदा कर सकता है।