रांची: तीन अक्टूबर (ए)
) भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के पांच जिलों- गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग- में भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया है। जबकि राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राज्य में एक अक्टूबर से शुरू हुई मानसून की वापसी के बाद की अवधि में तीन अक्टूबर तक 11.7 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले 46 मिमी तक बारिश हुई है।पिछले 24 घंटों में जामताड़ा जिले के करमाटांड में सबसे अधिक 73.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग जिलों के लिए चार अक्टूबर तक ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।
कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची और लोहरदगा के लिए चार अक्टूबर तक ‘येलो’ अलर्ट भी जारी किया गया है।
बृहस्पतिवार को राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में भारी बारिश हुई।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, ‘छह अक्टूबर को कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। कल राज्य में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।’
आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, ‘पांच अक्टूबर को गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और पाकुड़ जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की आशंका है।’
छह अक्टूबर को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका और पाकुड़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने कहा कि अगले दो दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की उम्मीद है।