हनीट्रैप मामला: पैसे के लिये महिला दारोगा चला रही थी सेक्स रैकेट,गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा

उत्तर प्रदेश कानपुर नगर
Spread the love


कानपुर, 25 जून (ए)।यूपी के कानपुर में हनीट्रैप का षड्यंत्र रचकर वसूली करने वाली महिला दरोगा सेक्स रैकेट भी चला रही थी। उसके कई गुर्गे इस काम में लगे थे। वह बाहर से आने वालों को निशाना बनाने के साथ ही शहर के लोगों को लड़कियों की सप्लाई करती थी। उसके साथ गिरफ्तार किये गए होमगार्ड और अन्य युवकों से कई खुलासे हो रहे हैं।
महिला दारोगा समेत सभी छह लोगों को शनिवार को स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। महिला दरोगा समेत अन्य आरोपितों से शुक्रवार से शनिवार तक विस्तार से पूछताछ की गई। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि सेक्स रैकेट, हनी ट्रैप और वसूली को लेकर बाकयदा षड्यंत्र रचने के बाद घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है।
इसमें पहली एफआईआर रतनपुर चौकी इंचार्ज पंकज कुमार ने वादी बनकर दर्ज कराई है। इसमें आरोपित सेक्स रैकेट की संचालिका, सचेंडी निवासी दो लड़कियों, छेरिया सलेमपुर जालौन निवासी चचेरे भाईयों उपेन्द्र सिंह व अमित सिंह उर्फ भीम को आरोपित बनाया गया है। एफआईआर के मुताबिक इंस्पेक्टर फीलखाना अमित भड़ाना ने रामगंगा एनक्लेव अपार्टमेंट रतनपुर पनकी के ब्लॉक 5 में सेक्स रैकेट के संचालित होने की जानकारी दी थी।
इसके बाद चौकी इंचार्ज ने ब्लॉक पांच में छापेमारी की तो वहां इलाकाई लोगों ने जानकारी दी कि यहां पर कुछ महिलाएं किराए पर फ्लैट लेकर अनैतिक देह व्यापार चला रही है। चौकी इंचार्ज के मुताबिक उन्होंने वहां पर छापेमारी की मगर वहां पर सिर्फ आरोपित उपेन्द्र और अमित ही मिले। दोनों लड़कियां फरार हो चुकी थी।
एफआईआर के मुताबिक दूसरे जिले की पुलिस ने भी फ्लैट में 3-4 दिन पहले छापा मारा था। उस दौरान लोगों ने महिलाओं और दूसरे जिले की पुलिस को साथ में देखा था। वहीं दूसरी एफआईआर स्वरूप नगर निवासी एडवोकेट धर्मेन्द्र सिंह की तरफ से दर्ज कराई गई। इस रिपोर्ट में एडिश्नल डीसीपी ईस्ट के यहां तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह, संजय गांधी नगर नौबस्ता निवासी होमगार्ड संजीव कुमार विश्वकर्मा, सरसैया घाट निवासी माता प्रसाद गुप्ता और राधन शिवराजपुर निवासी राहुल शुक्ला को आरोपित बनाया है।