वाराणसी (उप्र): 15 अक्टूबर (ए) वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक मकान के तेज धमाके के बाद ढह जाने से मलबे में दबकर एक महिला और दो बच्चे घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार सारनाथ क्षेत्र के पैगंबरपुर इलाके में तेज धमाके के बाद यह मकान धराशायी हो गया।
उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने बताया कि बचाव कार्य के दौरान मलबे से निकाले गये दो बच्चों और एक महिला को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीणा ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार मकान में पटाखे बनाये जाते थे और उनका भंडारण भी किया जाता था।
वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि तेज धमाका हुआ, जिसके बाद इमारत ढह गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान राजू खान नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो काफी समय से यहीं रहता है और उसका भाई सलीम भी पटाखों के कारोबार से जुड़ा है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार आस पास के लोगों द्वारा एक महिला के मलबे में दबे होने की बात कही जा रही थी जो राजू खान की मां बताई जा रही थी।
हालांकि स्थानीय लोगों के मुताबिक वह महिला मलबे से निकलकर कहीं चली गयी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब कोई भी अंदर मलबे में नहीं दबा है, मगर फिर भी एहतियातन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दल मौके पर मौजूद हैं।
डीसीपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है जो पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
