‘इंडिया’ गठबंधन रैली: कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने 20 समितियों का गठन किया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 30 अक्टूबर (ए) कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली की तैयारियों की निगरानी के लिए 20 समितियों का गठन किया।

इन समितियों को ठहरने की व्यवस्था, रैली स्थल का प्रबंधन, साफ-सफाई और सोशल मीडिया प्रबंधन समेत विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यादव ने रैली से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए इन समितियों के गठन को मंजूरी दी।

विपक्षी गठबंधन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह रैली निकाल रहा है।

यादव ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक और प्रदेश कांग्रेस के जिला प्रभारी रैली के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जुटाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में बैठकें कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जिला स्तर पर आयोजित बैठकों के प्रति कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जनता से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।’”

कांग्रेस की दिल्ली इकाई को उम्मीद है कि रैली में 10 लाख तक लोग शामिल होंगे।

इसमें राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोगों के पहुंचने की संभावना है।

पार्टी ने कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान तक लाने के लिए सैकड़ों बसों की व्यवस्था करने की भी योजना बनाई है।

यादव ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास कर रहे हैं।