नयी दिल्ली: 14 मई (ए)
) विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक व्यावसायिक जहाज पर हमला हुआ है, लेकिन उसके चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
यह अभी पता नहीं चल पाया है कि बुधवार को जहाज पर हमला किसने किया। विदेश मंत्रालय ने इस हमले को ‘अस्वीकार्य’ बताया।
उसने कहा, ‘‘कल ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य है और हम इस बात की निंदा करते हैं कि व्यावसायिक जहाजों और आम नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘जहाज पर सवार भारतीय चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और हम उन्हें बचाने के लिए ओमान के अधिकारियों को धन्यवाद देते हैं।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत इस बात को दोहराता है कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाने और बेगुनाह चालक दल सदस्यों को खतरे में डालने, या किसी और तरह से नौवहन और वाणिज्य की स्वतंत्रता में रुकावट डालने से बचना चाहिए।