किसानों के समर्थन में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने दिया इस्तीफा, स्पीकर ने किया मंजूर

राष्ट्रीय
Spread the love


चंडीगढ़, 27 जनवरी ( ए)।भारतीय राष्ट्रीय लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में इस्तीफा दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने भी उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि अभय के इस्तीफे के साथ ही सियासत गर्माएगी, क्योंकि अभय का यह मानना था कि उनके बाद कई और विधायक इस्तीफा देने के लिए मजबूर होंगे। अभय का मानना है कि जो विधायक ऐसा नहीं करेंगे, उन्हें अपने हलके में जनता का सामना करना मुश्किल होगा जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी जजपा के नेताओं को होगी। सरकार में उपमुख्यमंत्री और रिश्ते में भतीजे दुष्यंत चौटाला का नाम लिए बिना अभय ने कहा कि जो लोग देवीलाल के नाम पर किसानों को गुमराह करके सत्ता में आए हैं उनके लिए जवाब देना मुश्किल हो जाएगा।
इनेलो नेता ने कहा कि इनका भविष्य तो इस आंदोलन ने तय कर दिया है। मैंने विधानसभा में कहा था कि जो लोग इस बिल को ठीक कहेंगे उनकी तीन पीढ़ियां गांव में पंच बनने की भी हकदार नहीं रहेंगी।
अभय चौटाला ने कहा कि जजपा के जो लोग लूट खसोट में शामिल हैं और जिनकी फाइलें तैयार हो गई हैं, वे लोग आने वाले समय में भाजपा में शामिल होंगे। जबकि इनेलो काडर के लोग जो भ्रमित हो गए थे, वे आने वाले समय में वापस इनेलो में लौट आएंगे।