राम मंदिर के आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ाई गई

अयोध्या उत्तर प्रदेश
Spread the love

अयोध्या (उप्र) 10 अगस्त (ए) राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत सोमवार को अगले 14 दिनों के लिए बढ़ा दी गई। बचाव पक्ष के एक अधिवक्ता ने यह जानकारी दी।

फैजाबाद की भ्रष्टाचार-रोधी मामलों की विशेष अदालत के विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा ने इन आरोपियों की हिरासत 24 अगस्त तक बढ़ाने का आदेश दिया। जबकि सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने पुलिस की ओर से लगाई गई धाराओं पर आपत्ति जताई।बचाव पक्ष के वकील कुलशेखर सिंह ने कहा कि आरोपियों को जिला जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव शामिल है।पुलिस पहले ही सभी आरोपियों से अलग-अलग पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ कर चुकी है। सुनवाई के दौरान, बचाव पक्ष ने एफआईआर में लगाई गई धाराओं पर सवाल उठाया। वकील ने आरोप लगाया कि उनके मुवक्किलों को गलत तरीके से फंसाया गया है और मामले की जांच भारतीय न्याय संहिता की गलत धाराओं के तहत की जा रही है।

कुलशेखर सिंह ने कहा, “मैंने अदालत के समक्ष अनुरोध किया कि पुलिस मामले की जांच सही धाराओं के तहत करे और उसी के अनुसार चार्जशीट दाखिल करे।”