उत्तर प्रदेश में 10 लोकसभा सीट पर 57.21 प्रतिशत मतदान

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: सात मई (ए)।लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीट पर मंगलवार को औसत 57.21 प्रतिशत मतदान हुआ।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गंभीर आरोप लगाए।वोटर टर्नआउट ऐप’ के मुताबिक, शाम पांच बजे तक आगरा में 51.53 प्रतिशत, एटा में 57.07, आंवला में 54.73, फतेहपुर सीकरी में 54.93, फिरोजाबाद में 56.27, बदायूं में 52.77, बरेली में 54.21, मैनपुरी में 55.88, संभल में 61.10 और हाथरस में 53.54 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीट संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक समाप्त हो गया। हालांकि मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े मतदाता मतदान कर सकेंगे।

सपा ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मैनपुरी में ‘बूथ’ लूटने की तैयारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ”भाजपा के लोगों ने पिछले चुनाव में भी बूथ लूटा था तब भी वे बुरी तरह हारे थे। ये फिर बूथ लूटने की तैयारी कर रहे हैं। आप लोग चार-पांच बजे मैनपुरी चले जाना। ये फिर बूथ लूटने जा रहे हैं।”

बदायूं से सपा प्रत्याशी और सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने प्रशासन पर सहसवान विधानसभा के शहबाजपुर बूथ पर सपा समर्थकों को वोट नहीं डालने देने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन तमाम तरीके अपनाकर वोट नहीं डालने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सहसवान ‘पोलिंग बूथ’ पर समाजवादी पार्टी के ‘पोलिंग’ बस्ते के सारे दस्तावेज फेंककर उसके ऊपर पानी डाल दिया गया।

बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सहसवान विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्रमोद इंटर कॉलेज के मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनको बेवजह वोट डालने से रोका।

बूथ के आसपास खड़ी महिलाओं ने पुलिस प्रशासन पर कई-कई घंटे का इंतजरा कराने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। महिलाओं ने कहा कि पुलिस मुस्लिम महिलाओं को धूप में खड़ा कर लंबे इंतजार के बाद बूथ पर जाने दे रही है, जबकि उनके साथ आए पुरुषों की डंडों से पिटाई की जा रही है।

बदायूं के जिलाधिकारी मनोज कुमार से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ”ऐसा नहीं है। जो लोग वोट डाल चुके हैं वह बेवजह भीड़ लग रहे हैं, इसलिए पुलिस को कानून व्यवस्था के चलते लोगों को वहां से हटना पड़ रहा है। किसी के साथ अभद्र व्यवहार या किसी को बेवजह परेशान नहीं किया गया।”

सैफई में मतदान करने के बाद सपा के प्रमुख महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने संवाददाताओं से कहा कि डिंपल यादव अबकी बार पहले से भी ज्‍यादा मतों से चुनाव जीतेंगी।

मैनपुरी जिले में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (पैक्सफेड) के अध्यक्ष प्रेम सिंह शाक्य के वाहन पर कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

शाक्य ने ‘ बातचीत में आरोप लगाया कि वह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और जिला पंचायत के एक पूर्व सदस्य के साथ मतदान का हाल लेने के लिये अपनी कार से निकले थे कि तभी कुसमरा इलाके में पांच-छह लोगों ने उनके वाहन पर पथराव किया। उनके अनुसार हमलावर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।