नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: एक अक्टूबर (ए) दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय आरोपी ने अप्रैल 2025 में लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था और उस वक्त पीड़िता नाबालिग थी।

अधिकारी ने कहा कि अब बालिग हो चुकी लड़की ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने इस कृत्य के वीडियो उस व्यक्ति को भेज दिए जिसके साथ उसका विवाह तय हुआ था, जिसके बाद उसकी सगाई टूट गई।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल करके लड़की को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और उसे धमकी देता रहा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यौन उत्पीड़न उस समय हुआ था जब लड़की नाबालिग थी और लिहाजा, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, लड़की साउथ एवेन्यू इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती थी, जहां आरोपी उसका पड़ोसी था।

उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने पिछले साल अप्रैल में उसके घर की पहली मंजिल पर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घटना को रिकॉर्ड कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने इस रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल करके उसे धमकाया तथा ब्लैकमेल किया और कथित तौर पर बार-बार उससे दुष्कर्म किया।

लड़की ने आरोप लगाया कि उसके अपने गांव लौटने के बाद भी आरोपी उससे संपर्क करता रहा और वीडियो तथा तस्वीरों को प्रसारित करने की धमकी देता रहा।

पुलिस ने बताया कि लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में युवती की चिकित्सीय जांच कराई गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।