दुमका, 14 अक्टूबर (ए) झारखंड के दुमका जिले में 14 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म करने और गला घोंटकर उसकी हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को सोमवार रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि नौवीं कक्षा की छात्रा का शव नौ अक्टूबर को कथिकुंड थाना क्षेत्र में उसके घर से करीब 500 मीटर दूर अर्धनग्न अवस्था में मिला था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद लड़की के माता-पिता के बयान के आधार पर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा, “आरोपी को पकड़ने से पहले हमने करीब 500 लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान 35 वर्षीय व्यक्ति ने अपराध कबूल कर लिया।”
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी के चेहरे पर चोट के निशान थे। माना जा रहा है कि गला घोंटे जाने के दौरान खुद को बचाने की कोशिश में लड़की ने उसे चोट पहुंचाई थी। इन निशानों से पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मदद मिली।
कथिकुंड थाने के प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि घटना के समय आरोपी ने जो टी-शर्ट पहनी थी, उसके अलावा खून से सना एक तौलिया भी बरामद किया गया है।
