विवाहिता युवती को फोन देने पहुंचे उसके प्रेमी को ससुराल वालों ने डंडो से पीटा, घर के दरवाजे पर प्रेमी-प्रेमिका को काट डाला

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love


आगरा, 27 मई (ए)। यूपी के आगरा से एक ऐसी खबर सामने आई है जहाँ दिनदहाड़े ससुराल वालों ने विवाहिता और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले दोनों को डंडो से पीटा, फिर बांके से काट डाला। शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद ससुर और देवर खुद थाने पहुंच गए। शहर में दिन दहाड़े हुई हत्या की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। जानकारी पर हरकत में आई पुलिस ने पति को घर से गिरफ्तार किया।
मामला शहर के ब्रह्मपुरी इलाके का है। डूंडीपुरा (इरातदनगर) निवासी पूजा (28) की शादी ब्रह्मपुरी निवासी मदन सिंह सिसौदिया के बड़े बेटे गौरव सिसौदिया से हुई थी। गौरव अपने भाई अभिषेक और कृष्णा के साथ चांदी की पाजेब बनाने का काम करता है। घर के पास ही गौरव का रिश्ते का मौसेरा भाई शिवम सिसौदिया (21) पुत्र हरवीर सिंह सिसौदिया रहता है। शिवम फोन करके पूजा को मोबाइल देने आया था। पूजा पहले से रैलिंग के पास खड़ी थी। जैसे ही शिवम आया देवर अभिषेक, ससुर मदन सिंह और पति गौरव ने उसे घेर लिया और डंडों से बेरहमी से पीटा। वह जान बचाकर भागा लेकिन गली के मोड़ पर उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपितों ने बांके से उसकी गर्दन काट दी। शरीर पर बांके से ताबड़तोड़ प्रहार किए। ससुरालीजनों ने पूजा को भी जिंदा नहीं छोड़ा। उसे भी घर के दरवाजे पर बेरहमी से काट दिया। मदन सिंह और अभिषेक हत्याकांड के बाद खुद थाने पहुंचे।
पुलिस को बताया कि बहू और उसके प्रेमी को काट दिया है। लाशें घर के बाहर पड़ी हैं। यह सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए। सूचना पर एडीजी जोन राजीव कृष्ण, आईजी रेंज नचिकेता झा, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी विकास कुमार, सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा फोर्स के साथ पहुंचे। दोनों शव गली में पड़े थे। भीड़ जुटी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। आरोपित पति गौरव घर पर ही मिल गया। उसे गिरफ्तार किया। थाने भेजा। गौरव के कपड़े और हाथ खून से रंगे हुए थे। हत्या की पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है।