अमेठी (उप्र): छह अक्टूबर (ए) अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां ने पांच अक्टूबर को रामगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि एक नाबालिग किशोर ने उनके घर में घुसकर तमंचे का डर दिखा उनकी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख पुकार सुनकर जब महिला भागकर अपनी बेटी के पास पहुंची तो आरोपी ने कथित रूप से महिला को भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक घटना तीन अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे की है। शिकायत के अनुसार, गांव का ही रहने वाला एक नाबालिग कथित तौर पर घर में घुस आया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी की उम्र लगभग 17 वर्ष छह माह है।
राम गंज के थाना प्रभारी निरीक्षक राम राज कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच व विधिक कार्यवाही की जा रही है आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम लगाई गई है।
