पणजी: 22 सितंबर (ए) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माणिकराव ठाकरे ने मंगलवार को दावा किया कि गोवा में कुछ साल पहले उनकी पार्टी छोड़कर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए विधायक अब वापस आना चाहते हैं।
ठाकरे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने उन्हें वापस न लेने का फैसला किया है।
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव फरवरी 2027 तक होने हैं। गोवा में मार्च 2012 से लगातार भाजपा का शासन है।
राज्य में करीब तीन साल के भीतर कांग्रेस को दो बड़े दल-बदल का सामना करना पड़ा, जब 2019 में 10 विधायक तथा उसके बाद 2022 में आठ और विधायक भाजपा में शामिल हो गए। इन सभी विधायकों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे।
कांग्रेस के गोवा प्रभारी ठाकरे ने ‘ कहा कि जिन विधायकों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था और बाद में अपने निजी स्वार्थ के लिए भाजपा में चले गए, वे अब पार्टी में वापस आना चाहते हैं।
हालांकि, ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें कभी वापस नहीं लेने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने यह कड़ा फैसला लिया है कि पार्टी छोड़ने वालों को वापस नहीं लिया जाएगा। उनके लिए सबसे बड़ी सजा यही है कि अब जब वे वापस आना चाहते हैं तो पार्टी ने उनके लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं।’’
कांग्रेस अब आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है।
ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस ‘‘समान विचारधारा वाले’’ दलों के साथ गठबंधन के लिए तैयार है और उसने स्थानीय राजनीतिक दल ‘रिवोल्यूशनरी गोवन्स पार्टी’ (आरजीपी) के साथ बातचीत शुरू कर दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई के नेतृत्व वाले एक अन्य राजनीतिक दल ‘गोवा फॉरवर्ड पार्टी’ (जीएफपी) के साथ भी गठबंधन पर चर्चा के लिए तैयार है।
