डोरल (अमेरिका): सात मार्च (ए) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को चेतावनी दी कि युद्ध में ईरान के और भी अधिकारियों को निशाना बनाया जायेगा और ‘‘आज ईरान पर जबरदस्त प्रहार किया जायेगा।’’
ट्रंप ने अपनी वेबसाइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर ये टिप्पणियां कीं, जिसमें उन्होंने तेहरान के हमलों को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान द्वारा पड़ोसी देशों से माफी मांगने का जिक्र किया।
ट्रंप के अनुसार, ईरान ने यह भी वादा किया है कि वह अब उन देशों पर गोलीबारी या हमला नहीं करेगा। उनका कहना है कि ईरान ने यह वादा इसलिए किया क्योंकि अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों ने उस पर दबाव बना दिया।ट्रंप ने दावा किया कि ईरान मध्य-पूर्व पर कब्जा करके वहां राज करना चाहता था, लेकिन अब वह हार चुका है। उनके अनुसार, हजारों साल में पहली बार ईरान अपने आसपास के मध्य-पूर्वी देशों से हार गया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि कई देशों ने उन्हें धन्यवाद कहा, जिस पर उन्होंने जवाब दिया, “यू आर वेलकम।”
उन्होंने कहा कि पहले ईरान को दूसरे मुल्कों को दबाने को कोशिश करता था, लेकिन अब वो खुद एक हारा हुआ देश बन चुका है और आने वाले कई दशकों तक ऐसा ही रहेगा, जब तक कि वह पूरी तरह झुक न जाए या उसका शासन पूरी तरह समाप्त न हो जाए।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज ईरान पर सबसे बड़ा हमला होगा और ऐसे इलाकों व समूहों को भी निशाना बनाया जा सकता है जिन्हें पहले निशाना नहीं बनाया गया था।