नकदी और साड़ियों के बदले मां ने बच्ची को बेचा; फिर जो हुआ —

उत्तर प्रदेश वाराणसी
Spread the love

वाराणसी: 25 मई (ए)) उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में 12 वर्षीय एक बच्ची को उसकी मां ने कथित तौर पर 16 हजार रूपये नकद और 10 साड़ियों के बदले बेच दिया। बाद में एक ऑटो चालक ने बच्ची से दुष्कर्म किया।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामला जनवरी 2026 का है। बिहार के अरवल की रहने वाली एक महिला ने चंदौली के बलुआ (हरधन) निवासी लहरू यादव उर्फ राकेश को अपनी 12 साल की मासूम बेटी महज 16 हजार रुपये और 10 साड़ियों के लालच में बेच दी थी। लहरू ने अपनी जमीन बेचकर मिले 17 लाख रुपये में से यह रकम चुकाई थी। वह खुद को कम उम्र का दिखाने के लिए दिल्ली जाकर 90 हजार रुपये में हेयर ट्रांसप्लांट भी करा चुका था। उसने दिखावे के लिए एक मंदिर में बच्ची से शादी की और चार महीने तक उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म करता रहा।19 मई को आरोपी लहरू बच्ची को बनारस के मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग गया। वहां बच्ची को अकेला पाकर झारखंड निवासी ऑटो चालक रवि वर्मा ने मदद के बहाने उसे बहलाया और पहाड़िया स्थित अपने कमरे पर ले गया। रवि ने भी सारनाथ के एक तालाब के पास और अपने घर पर बच्ची से दुष्कर्म किया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

ऑटो चालक के घर में संदिग्ध रूप से बच्ची को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ, जिसकी सूचना तुरंत सारनाथ पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को मुक्त कराया। पूछताछ में पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी और एसआई जितेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर 21 मई को ही दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और मानव तस्करी की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस ने फरीदपुर अंडरपास और सारनाथ स्टेशन के पास से आरोपी मां, लहरू यादव और ऑटो चालक रवि वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।