इंदौर: नौ अक्टूबर (ए) पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को कहा कि परिचालन संबंधी कारणों से रतलाम मंडल से संचालित होने वाली और गुजरने वाली आठ ट्रेन निरस्त कर दी गई हैं, जबकि दो रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है।
यह निर्णय शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन से एक दिन पहले लिया गया।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने हालांकि कहा कि मंडल को इस प्रदर्शन के बारे में कोई भी सूचना नहीं मिली है और परिचालन संबंधी कारणों से यह फैसला किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि रद्द की गई ट्रेनों में नौ अक्टूबर को जाने वाली डॉ. आंबेडकर नगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस, इंदौर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस और बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन युवा एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसी तरह, 10 अक्टूबर को दिल्ली से लौटने वाली निरस्त ट्रेनों में नई दिल्ली-डॉ. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-इंदौर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस और हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा टर्मिनस युवा एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा, नौ अक्टूबर को मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस के समय में पांच-पांच घंटे का बदलाव किया गया।
