यूपी में कोरोना वायरस के नए मामले 1000 के पार, छह और लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 26 मार्च(ए) । यूपी में कोरोना वायरस के नए केसों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। शुक्रवार को नए केसों की संख्या 1032 पर पहुंच गई। गुरुवार को यह 836 और बुधवार को 737 थी। इस तरह सिर्फ दो दिन में 295 नए मरीज सामने आए हैं। करीब तीन महीने बाद एक बार फिर से यह संख्या इस स्तर पर पहुंची है। बीते 30 दिसम्बर को प्रदेश में 1043 नए केस मिले थे। शुक्रवार के नए केसों को मिलाकर प्रदेश में अब तक पॉजिटिव केसों की कुल संख्या 6,11,301 तक पहुंच चुकी है। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को संक्रमण के 347 नए मामले मिले। यहां दो दिनों में मरीजों की संख्या 127 बढ़ गई है। 
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के मामले भी बढ़े हैं। शुक्रवार को छह लोगों की मौत हो गई। इनमें दो की मौत लखनऊ हुई तो कानपुर नगर, वाराणसी, इटावा तथा बिजनौर में एक-एक संक्रमित की मृत्यु बीते 24 घंटे के दौरान हो गई।  शुक्रवार को नए केसों में बड़ी संख्या में हुई वृद्धि के कारण प्रदेश में कुल सक्रिय केसों की संख्या भी छह हजार के करीब पहुंच गई। शुक्रवार को कुल सक्रिय केसों की संख्या 5824 पर पहुंच गई जबकि बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से ठीक होने वाले 247 लोगों को डिस्चार्ज किया गया।