नागपट्टिनम, 09 जनवरी (ए)। उत्तरप्रदेश के बदायूं में हुई जघन्य वारदात की तरह अब तमिलनाडु के नागपट्टिनम में भी मंदिर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। वहां श्रमिक के रूप में काम करने वाली एक विधवा महिला इसकी शिकार हुई। निर्माण मजदूर के रूप में काम करने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार रात इन दोनों लोगों ने अपनी बहन के घर की ओर जा रही महिला का पीछा किया और कथित तौर पर उसे चाकू की नोक पर मंदिर में घसीटा।
पुलिस ने कहा कि वहां दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटनास्थल से भाग गए। उन्होंने कहा कि महिला को कई चोटें आईं और वह बेहोश हो गई। इलाके में रहने वाले लोगों ने उसे बचाया और उसे नागपट्टिनम जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
