रामगढ़/गोड्डा: दो अगस्त (ए)
) झारखंड के रामगढ़ और गोड्डा जिलों में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य झुलस गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले पांच लोगों में से तीन रामगढ़ के पतरातू प्रखंड के थे और जबकि दो गोड्डा ज़िले के बसंतराय प्रखंड के महेशपुर-रामपुर गांव के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की जान चली गई। मृतकों की पहचान रेखा देवी (45), रोशनी कुमारी (21) और सुशांति देवी (34) के रूप में हुई है। इनमें रेखा देवी और रोशनी कुमारी सकुल गांव की रहने वाली थीं, जबकि सुशांति देवी पलानी गांव की निवासी थीं। वहीं, गोड्डा जिले के बसंतराय प्रखंड के महेशपुर-रामपुर गांव में बिजली गिरने से दो अन्य महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों या खुले स्थानों पर काम करने से बचने की अपील की है।