मोरीगांव: 16 अगस्त (ए)असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में राज्य के मोरीगांव से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और तीन अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
मोरीगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)निशांत सौरव ने बताया कि शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर शर्मा के भाषण के फेसबुक लाइव प्रसारण के दौरान प्रतिक्रिया वाले हिस्सें में यह धमकी पोस्ट की गई थी।
सौरव ने कहा, ‘‘ प्रतिक्रिया सामने आने के बाद, जिस व्यक्ति के नाम पर वह कथित फेसबुक प्रोफाइल थी, उसे लाहोरीघाट इलाके के बरालिमारी से गिरफ्तार किया गया है।’’
एसएसपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीन लोगों में आरोपी के पिता और भाई के अलावा उसी इलाके का एक और व्यक्ति शामिल है।
सौरव ने कहा कि इस मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।
