वाशिंगटन: चार सितंबर (एपी) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ जारी अमेरिकी संघर्ष को ‘‘युद्ध’’ करार देने से बृहस्पतिवार को इनकार कर दिया।
वेंस ने यह अनुमान लगाने से भी परहेज किया कि छह महीने से जारी यह संघर्ष नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले समाप्त हो जाएगा या नहीं। इन चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी संसद के दोनों सदनों में अपना मामूली बहुमत बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।इस संघर्ष की गंभीरता को कम करके पेश करने की वेंस की कोशिश ट्रंप और उनके प्रशासन के सामने मौजूद मुश्किल चुनौती की ओर इशारा करती है। ट्रंप अमेरिकी मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि संसद पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बरकरार रहे जबकि इस संघर्ष के कारण पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं और उपभोक्ताओं को अधिक महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। संघर्ष की शुरुआत में ‘व्हाइट हाउस’ ने कहा था कि यह कुछ ही सप्ताह चलेगा।वैंस के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल कोई बातचीत नहीं चल रही है। 3 सितंबर को व्हाइट हाउस में एक प्रेस ब्रीफिंग में पत्रकारों से बात करते हुए वैंस ने कहा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। हम उनसे बातचीत नहीं कर रहे हैं और तब तक बातचीत नहीं करेंगे जब तक वे वाणिज्यिक जहाजों पर गोलीबारी बंद नहीं कर देते।”
वेंस ने कहा कि वह इस संघर्ष के समाप्त होने को लेकर कोई ‘‘कृत्रिम समयसीमा’’ तय नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब आप पूछते हैं कि ‘यह कब समाप्त होगा?’, तो आप मुझसे यह पूछ रहे हैं कि ‘ईरान पोतों पर गोलीबारी कब बंद करेगा?’ वास्तविकता यह है कि मुझे इस सवाल का जवाब नहीं पता। आपको यह सवाल ईरानियों से पूछना होगा।
