जयपुर: सात जुलाई (ए)
) राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े परिवार के पांच सदस्यों को कुचल दिया। इस हादसे में पिता व तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार सुबह करीब पौने नौ बजे 200-फुट बाईपास के किनारे सड़क के पास हुआ। पुलिस के अनुसार दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने रेलिंग को तोड़ते हुए नाले के पास खड़े एक दंपति व उनके बच्चों को कुचल दिया।
यह परिवार सड़क किनारे नाले के उपर सीमेंट की पट्टियों पर खड़ा था। भारी ढुलाई वाहन (ट्रेलर) की टक्कर से सीमेंट की पट्टियां भी टूट गईं और पीड़ित नाले में गिर गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों बच्चों की घटना स्थल पर मौत हो गई। उनके मां-बाप को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां पुरुष ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रेलर का चालक मौके से भाग गया। मृतकों की पहचान राजसमंद जिले के एक गांव निवासी चंद्रप्रकाश और उनके नाबालगि बेटों के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि चंद्रप्रकाश की पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। प्रत्यक्षर्दिशयों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि एक बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि बाकी लोगों के शरीर भी बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटनास्थल पर मिली चीजों से पता चला कि परिवार सड़क व चौराहों पर गुब्बारे और अन्य सामान बेचता था।