भूकंप के तेज झटकों से दहला पाकिस्तान, 20 लोगों की मौत, 200 से अधिक घायल

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love


इस्लामाबाद, 07 अक्टूबर (ए)। भूकंप के तेज झटकों से आज सुबह पाकिस्तान दहल उठा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के हरनई में आज तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसमें कम से कम 20 लोगों के मारे जाने की खबर है और 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, पाकिस्तान के हरनाई में आज सुबह लगभग 3:30 बजे 6.0 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटकों के बाद लोग घरों से बाहर सहमे नजर आए।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, पाकिस्तान के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने यह जानकारी दी कि दक्षिणी पाकिस्तान में गुरुवार तड़के आए भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। बलूचिस्तान के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख ने एएफपी को बताया कि अब तक 15 से 20 लोग मारे गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल, 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर हो रहे हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे लोग सहमे हुए घरों से बाहर निकले हुए हैं।
बताया जा रहा है कि हरनई इलाके में गुरुवार तड]के भूकंप के भीषण झटके महसूस किए गए। जब लोग गहरी नींद में सोए हुए थे, तभी लोगों ने धरती का कंपन महसूस किया और घरों से निकलकर भागे। अब तक की जानकारी के अनुसार, मरने वालों की संख्या कम से कम 15 से 20 हो सकती है। इसके अलावा कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। भूकंप की तीव्रता काफी तेज थी और आसपास के कई जिलों में नुकसान हुआ  है।