सिंघु बॉर्डर पर चार किसान नेताओं को मारने गये संदिग्ध को पकड़ कर लोगों ने किया पुलिस के हवाले

राष्ट्रीय
Spread the love


नई दिल्ली, 23 जनवरी एएनएस। सिंघू बॉर्डर पर मौजूद किसानों ने एक संदिग्ध पकड़ा है जिसने बताया कि वह कथित तौर पर चार किसान नेताओं को गोली मारने के इरादे से वहां पहुंचा था और उसका मकसद 26 जनवरी को प्रस्तावित किसानों के ट्रैक्टर मार्च में अड़चन पैदा करना भी थी। इस संदिग्ध की 10 लोगों की टीम थी जिसमें से 2 महिलाएं हैं। हालांकि, बाद में संदिग्ध को पुलिस के हवाले कर दिया गया।  किसान संगठनों ने सरकारी एजेंसियों पर आंदोलन कमजोर करने का आरोप लगाया है। सिंघु बॉर्डर पर जमे किसानों ने आज एक शख्स को मीडिया के सामने पेश किया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि ये शख्स चार किसान नेताओं को मारने की साजिश के तहत यहां आया था। 
मीडिया के सामने पेश ये शख्स ने कहा- हमें इस काम के लिए हथियार मिले थे। जैसे ही किसान 26 तारीख को आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे, और अगर ये नहीं रूकते तो इन पर गोली चलाने का ऑर्डर था। हमारी 10 लोगों की दूसरी टीम पीछे से गोली चलाती जिससे दिल्ली पुलिस को यह लगता कि किसानों ने ये किया है। 26 तारीख को जो रैली होगी उसमें आधे लोग घर के होंगे जो पुलिस की वर्दी में होंगे इन्हें तितर बितर करने के लिए। 24 तारीख को स्टेज पर जो चार लोग होंगे उन्हें मारना है, फोटो दे दी गई है।  
जो हमें सिखाता है उसका नाम प्रदीप सिंह है। राई थाने का एसएचओ है वो। वो जब भी हमसे मिलने आता था मुंह पर कवर लगाकर आता था। हमने उसका बैच देखा था। जिन्हें मारना था उनका नाम नहीं पता है, उनके फोटो हैं। 
किसान नेताओं ने कहा कि उनके आंदोलन और 26 जनवरी होने वाली ट्रैक्टर रैली को लगातार कमजोर करने की कोशिश हो रही है।  किसान नेताओं ने इस शख्स को मीडिया में पेश करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।