वाराणसी (उप्र): 29 अप्रैल (ए)
) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह वाराणसी में रोड शो किया, जिसे देखने के लिए सड़क पर भारी भीड़ उमड़ी। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।
रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्लू) से शुरू हुआ और लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन से होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर समाप्त हुआ।
मंदिर में प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किए।
प्रार्थना पूरी करने के बाद स्थानीय प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें त्रिशूल, डमरू और पारंपरिक स्टोल भेंट किया। प्रधानमंत्री ने इसे स्वीकार करते हुए उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।
जैसे ही वह मंदिर परिसर से बाहर निकले, भक्तों ने ‘‘हर हर महादेव’’ के जयकारे लगाए और मोदी ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन दिया।
प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर पर मौजूद बच्चों से भी संक्षिप्त बातचीत की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रभारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि वाराणसी के लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय निवासी पूरे मार्ग में कतारों में खड़े रहे।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भक्तों और समर्थकों को ‘‘हर हर महादेव’’ और ‘‘जय श्री राम’’ के जयकारे लगाते देखा गया।
मिश्रा ने बताया कि पूरे मार्ग में स्वागत के लिए कई स्थान निर्धारित किए गए थे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर तथा ढोल व शंख बजाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो को पार्टी नेता शहर में अब तक के सबसे बड़े रोड शो में से एक बता रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे रास्ते सड़कों के दोनों ओर भारी भीड़ देखी गई।
अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के दौरे के बाद प्रधानमंत्री बुधवार को उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं।