वॉशिंगटन: छह जनवरी (ए)
) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि रूसी तेल खरीदने पर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए शुल्क (टैरिफ) के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनसे ‘ज्यादा खुश नहीं हैं।’
ट्रंप ने ‘हाउस जीओपी सदस्य रिट्रीट’ में अपने संबोधन में यह भी दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी मुझसे मिलने आए और बोले, ‘‘श्रीमान्, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं?’ मैने कहा, ‘‘जी हां।’’अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मेरे उनके साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। वह मुझसे उतने खुश नहीं हैं, क्योंकि उन्हें काफी शुल्क देना पड़ रहा है। लेकिन, अब उन्होंने रूस से तेल का व्यापार काफी हद तक कम कर दिया है। ‘हाउस जीओपी मेंबर रिट्रीट’ अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के रिपब्लिकन पार्टी सदस्यों की एक वार्षिक बैठक है
ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है, जिसमें से 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ रूस के तेल खरीदने के लिए लगाया गया है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब वह रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर फिर से दबाव बढ़ा रहे हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि नई दिल्ली अगर इस मुद्दे पर सहयोग नहीं करती है तो वॉशिंगटन भारत पर और टैरिफ बढ़ा सकता है। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वे नेक इंसान हैं। उन्हें पता था कि मैं खुश नहीं हूं, मुझे खुश करना उनके लिए जरूरी था। वे व्यापार करते हैं तो हम उन पर बहुत जल्दी टैरिफ बढ़ा सकते हैं। यह उनके लिए बहुत बुरा होगा।’ट्रंप ने दावा करते हुए कहा कि दुनिया भर के देशों पर लगाए गए आयात शुल्क से अमेरिका को 600 अरब डॉलर से अधिक की कमाई हो रही है, जिससे देश आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों मोर्चों पर पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। ट्रंप ने मीडिया पर इस उपलब्धि को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने कहा कि टैरिफ की वजह से अमेरिका न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भी उसकी स्थिति पहले से बेहतर और ज्यादा सम्मानजनक हुई है।