पुलिस ने गर्ल्स हॉस्टल की लड़कियों के उतरवाए कपड़े, फिर उनसे कराया डांस,फिर—

राष्ट्रीय
Spread the love


मुंबई,03 मार्च (ए)। महाराष्ट्र के जलगांव से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। शासकीय आशादीप महिला छात्रावास में रहने वाली लड़कियों से कपड़े उतार कर डांस करवाया गया है। पुलिस कर्मचारी और हॉस्टल से बाहर से आए कुछ पुरुष इस घटना में लिप्त बताए जा रहे हैं। एक सामाजिक संगठन ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की है। जिलाधिकारी के सामने सबूत के तौर पर इस घटना से जुड़ा वीडियो प्रस्तुत किया गया है। जिलाधिकारी अभिजीत राऊत ने इस मामले की विस्तृत जांच कराने का आश्वासन दिया है।
महिला और बालकल्याण विभाग की ओर से सातारा के गणेश कॉलनी में स्थित हॉस्टल में बेसहारा, प्रताड़ित और पीड़ित महिलाओं और लड़कियों के रहने और खाने की व्यवस्था की जाती है। इस हॉस्टल में कुछ अनैतिक काम हो रहा है, ऐसी शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय जननायक फाऊंडेशन के अध्यक्ष फिरोज पिंजारी, फरीद खान, मंगला सोनवणे जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं और लड़कियों से बातचीत की तो हकीकत बाहर आई।
जांच के नाम पर कुछ पुलिस कर्मचारी और अन्य लोग हॉस्टल में दाखिल हो गए। इन लोगों ने लड़कियों से कपड़े उतरवाकर उनसे जबरदस्ती डांस करवाया। जिन लड़कियों ने ऐसा करने से मना किया उन्हें मारने-पीटने की धमकी दी गई। जब इस बारे में विस्तार से पता करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता वहां पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। लड़कियों ने खिड़कियों से चिल्ला कर पूरी बातें बताईं। जिस वक्त लड़कियां अपना हाल बता रही थीं उस वक्त भी हॉस्टल के कर्मचारी वहां आ-आकर उनके साथ रोका-टोकी कर रहे थे, और बाद में देख लेने की धमकी दे रहे थे।