प्रयागराजः इफको कारखाने में बॉयलर फटने से 3 की मौत,कई गंभीर

उत्तर प्रदेश प्रयागराज
Spread the love


प्रयागराज, 23 मार्च (ए)। यूपी के प्रयागराज जिले के फूलपुर में स्थित इफको में मंगलवार दोपहर बॉयलर फटने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। कई कर्मचारी घायल हो गए। कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर कर्मचारियों को प्रयागराज के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 
मंगलवार दोपहर फूलपुर के घिया नगर स्थित इफको के प्लांट नंबर एक में तेज आवाज के साथ बॉयलर फट गया। बॉयलर फटते ही अफरातफरी मच गई। परिसर में धुआं फैल गया। कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। बॉयलर से कुछ दूरी पर लंच कर रहे 17 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। तत्काल सभी को इफको अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्रदीप यादव नामक एक कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य गंभीर कर्मचारियों को प्रयागराज के अलग अलग अस्पतालों में रेफर किया गया।
अलग -अलग अस्पतालों में भेजे गए 11 कर्मचारियों में से दो अन्य की अस्पताल में मौत हो गई। पांच का फूलपुर इफको अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इफको गेट पर ताला लगा दिया गया। कर्मचारियों के परिजनों का जमावड़ा गेट पर लगने के कारण भारी फोर्स भी तैनात कर दी गई। हर कोई अपने परिजनों का हाल जानना चाहता है लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा है।