नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में स्कूल का संस्थापक गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

लातूर: आठ अक्टूबर (ए) महाराष्ट्र में लातूर के एक निजी स्कूल के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य को नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लातूर के एमआईडीसी पुलिस थाने में चार अक्टूबर को 54 वर्षीय आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसने बताया कि तब से प्रधानाचार्य फरार था।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस के दलों ने उदगीर, उमरगा, पुणे, पनवेल और पालघर समेत कई स्थानों पर तलाशी ली।

उन्होंने बताया कि आरोपी को बुधवार रात हिरासत में ले लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि लातूर के पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे खुद जांच की निगरानी कर रहे थे।