मथुरा (उप्र): 15 फरवरी (ए)
) मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने रंजिश के चलते अपनी भाभी की कथित रूप से गला काटकर हत्या कर दी और फिर अपना भी गला काटने की कोशिश की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि यह घटना बाघई कटैलिया गांव की है। रविवार सुबह दीपक (23) नामक युवक ने अपनी भाभी करिश्मा (20) की गला काटकर हत्या कर दी और ब्लेड से अपना भी गला काटने का प्रयास किया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि करिश्मा की शादी दीपक के बड़े भाई प्रमोद से चार महीने पहले ही सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हुई थी। उस कार्यक्रम में दीपक भी गया था। साथ ही करिश्मा की बहन भी मौजूद थी। करिश्मा ने तो प्रमोद को पसंद कर लिया था लेकिन उसकी बहन ने दीपक को नकार दिया था। दीपक को इसी बात की टीस थी और वह अपनी भाभी से रंजिश रखने लगा।
कुमार ने बताया, “रविवार सुबह वह किसी बात पर अपनी भाभी से नाराज हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने धारदार हथियार से करिश्मा का गला काट दिया। उसे तड़पता देख वह भी डर गया और उसने ब्लेड से अपना भी गला काटने का प्रयास किया।”
अधिकारी ने बताया कि परिजन तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। थोड़ी ही देर बाद करिश्मा की मृत्यु हो गई। दीपक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि जांच में पुलिस को सुबूत मिटाने के प्रयास करने के प्रमाण मिले है।
कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या तथा सुबूत मिटाने के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।