भदोही (उप्र): 20 अक्टूबर (ए) भदोही जिले के चौरी थानाक्षेत्र में मंगलवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखा विस्फोट होने से कम से कम छह लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शुभम अग्रवाल ने बताया कि यह घटना चौरी थाना क्षेत्र में ‘चौरी बाजार दुर्गा पूजा समिति’ द्वारा आयोजित विसर्जन जुलूस के दौरान हुई। उन्होंने बताया कि जुलूस के दौरान जलाए जा रहे एक पटाखे से निकली चिंगारी एक युवक के पास रखे पटाखों पर जा गिरी, जिससे विस्फोट हो गया और कई लोग झुलस गए।
अग्रवाल ने बताया कि विस्फोट के बाद अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। उन्होंने बताया कि झुलसे हुए छह लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। एएसपी ने कहा कि पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
