शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर बेटे ने 60 वर्षीय मां की हत्या की

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 29 जुलाई (ए)) दक्षिण दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में शराब के लिए पैसे देने से इनकार करने पर एक व्यक्ति ने अपनी 60 वर्षीय मां की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान आमोद पंडित के रूप में हुई है। उसे घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात मैदानगढ़ी थाने में खड़क गांव के यूपी कॉलोनी में एक महिला की हत्या के संबंध में सूचना दी गई।

एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चिंता देवी को अपने घर के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया।

अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि आमोद ने पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी मां पर कथित तौर पर हमला किया था।”

अधिकारी के अनुसार, महिला ने उसे शराब खरीदने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था, जिससे वह आवेश में आ गया और उनपर हमला कर दिया। वह मौके से फरार हो गया था लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पीड़िता पर पहले घूंसे और लातों से हमला करने के बाद कुदाल से कई बार वार किया।

पीड़िता की बहू गणिता देवी ने बताया कि एक रिश्तेदार ने उन्हें घटना की जानकारी दी और वह छतरपुर से तुरंत घर पहुंचीं।

उन्होंने आरोप लगाया, “मेरी सास ने शराब के नशे में घर आने और अधिक पैसे मांगने पर उसे समझाने की कोशिश की। मना करने पर वह हिंसक हो गया और उन्हें पीटने लगा। बाद में उसने उन पर कुदाल से हमला कर दिया।”

गणिता ने दावा किया कि आमोद की पत्नी और छोटे बेटे ने इस हमले को देखा और बच्चे ने अपने पिता से दादी की जान न लेने की मिन्नतें कीं।

उन्होंने आरोप लगाया, “बच्चा रोता रहा और कहता रहा, ‘दादी को मत मारो,’ लेकिन आमोद ने उसे एक तरफ धकेल दिया।”

गणिता ने दावा किया कि आरोपी ने हमले के दौरान मुख्य द्वार को अंदर से बंद कर लिया था, जिससे परिवार के सदस्य और पड़ोसी बुजुर्ग महिला को बचाने के लिए घर में प्रवेश नहीं कर सके।

परिवार के मुताबिक, चिंता देवी भीख मांगकर अपना गुजारा करती थीं और उनका बेटा अपनी शराब की आदत को पूरा करने के लिए अक्सर उनके पैसे छीन लेता था। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।