सपा ने जारी किया घोषणापत्र, पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियों और किसानों की कर्जमाफी का वादा

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 26 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जारी अपने घोषणापत्र में पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, किसानों की कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का वादा किया है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसे ‘जन-मन का मैनीफेस्टो 2027’ के तहत ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। इसमें पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और अन्य वंचित वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के साथ रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और किसानों की खुशहाली पर जोर दिया गया है।पार्टी ने अगले पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प जताया है। साथ ही सभी सरकारी रिक्त पद समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरने, भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर बनाने तथा प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित करने का वादा किया गया है। घोषणापत्र में सभी पात्र युवाओं को सुरक्षित नौकरी, हर साल पांच लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों से प्रशिक्षण और युवाओं को रोजगार मिलने तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता देने की बात कही गई है। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है।शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने, 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना फिर लागू करने और प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में वाईफाई सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया है।

घोषणापत्र में शिक्षा पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का छह प्रतिशत खर्च करने तथा गरीब और पीडीए वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर देने की बात कही गई है।घोषणा पत्र में किसानों के लिए सभी 23 फसलों और दूध पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, कर्जमाफी तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कोष बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की बात भी कही गई है।घोषणा पत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये का प्रावधान करने तथा गांवों में जरूरी सुविधाओं के साथ ‘स्मार्ट विलेज’ विकसित करने का संकल्प जताया गया है।घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय के तहत जातिवार जनगणना कराने, आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने और सरकारी सेवाओं में रिक्त आरक्षित पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने का वादा किया गया है। इसके अलावा दलित उद्यमियों के लिए स्टार्टअप कोष बनाने और सरकारी ठेकों में पीडीए वर्ग की भागीदारी बढ़ाने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।पार्टी ने पीडीए (पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्ग), महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलकर पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने का वादा किया है। इसके अलावा बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए कानून बनाने का भी प्रस्ताव है।घोषणा पत्र में महिला सुरक्षा के लिए 1090 और डायल-112 व्यवस्था को मजबूत करने, महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई और समान अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा तथा सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की बात कही गई है। कानून व्यवस्था के तहत संगठित अपराध, जातीय और धार्मिक हिंसा तथा महिलाओं एवं दलितों के खिलाफ गंभीर अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने का संकल्प जताया गया है। साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों में साइबर इकाइयां स्थापित करने का भी वादा किया गया है।घोषणापत्र में उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को कृत्रिम मेधा (एआई) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) केंद्रों के रूप में विकसित करने, गांवों और शहरों में वाईफाई जोन बनाने तथा सरकारी सेवाओं, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य में एआई का व्यापक इस्तेमाल करने की बात कही गई है।

घोषणा पत्र में व्यापारियों की सुरक्षा के लिए व्यापार सुरक्षा आयोग और विशेष पुलिस बल गठित करने, नई औद्योगिक नीति लाने तथा स्टार्टअप को बढ़ावा देने का वादा भी किया गया है।पार्टी ने प्रवासी मजदूरों के कल्याण के लिए हेल्पलाइन, दिव्यांगों के लिए रोजगार और आवागमन की विशेष सुविधाएं तथा अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए बोर्ड बनाने का भी संकल्प जताया है।

सपा ने घोषणा पत्र में कहा कि उसका उद्देश्य संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय की रक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश को समावेशी एवं विकसित राज्य बनाना है