पश्चिम एशिया में अमेरिकी अभियानों में सहयोग से स्पेन का इनकार

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

मैड्रिड: पांच मार्च (ए)) ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका और स्पेन के बीच कूटनीतिक तनातनी बुधवार को और बढ़ गई, जब दोनों देशों की सरकारों ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिए स्पेन के सैन्य अड्डों के संभावित उपयोग को लेकर परस्पर विरोधी बयान दिए।

व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने कहा कि स्पेन सरकार ने अमेरिका की मदद करने पर सहमति जताई है। लेकिन कुछ ही देर बाद स्पेन के विदेश मंत्री जोसे मैनुएल अल्बारेस ने इस दावे का खंडन कर दिया।

अल्बारेस ने स्पेन के रेडियो स्टेशन ‘कादेना सेर’ से कहा, “मैं व्हाइट हाउस के प्रवक्ता के बयान का खंडन कर सकता हूं। पश्चिम एशिया के युद्ध, ईरान पर बमबारी और हमारे सैन्य अड्डों के उपयोग को लेकर स्पेन सरकार की स्थिति में जरा भी बदलाव नहीं हुआ है।”
यह मतभेद मंगलवार को तब सामने आया था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेन के साथ व्यापार समाप्त करने की धमकी दी थी। इससे कुछ घंटे पहले स्पेन के प्रधानमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार “दुनिया के लिए हानिकारक किसी भी चीज में सहभागी नहीं बनेगी।”
अल्बारेस ने बुधवार शाम मैड्रिड में यह टिप्पणी उस समय की, जब व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा था, “स्पेन के संबंध में मुझे लगता है कि उन्होंने राष्ट्रपति का संदेश कल साफ तौर पर सुन लिया है।”