बोलने वाले तोते ने पुलिस की नींद उड़ाई, इनाम भी हुआ घोषित

अलीगढ़ उत्तर प्रदेश
Spread the love


अलीगढ़, 12 मार्च (ए)। यूपी के अलीगढ़ में एक अफ्रीकन तोते ने यूपी पुलिस की नींद उड़ा दी है। जी हां, दो मार्च की सुबह से बोलने वाला एक तोता अचानक लापता हो गया है। पीड़ित परिजनों ने थाना क्वार्सी में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद 10 हजार रुपए का इनाम रखते हुए शहर भर में तोते के पोस्टर भी लगवा दिए हैं। सोशल मीडिया पर भी तोते का पता लगाने की अपील की जा रही है। जानकारी के अनुसार अलीगढ़ की क्वार्सी थाना क्षेत्र के रमेश विहार के मकान नंबर-206 निवासी सरोज सिंह ने तोते के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सरोज सिंह ने बताया कि उसकी पुत्रवधू सौम्या ने अफ्रीकन नस्ल का बोलने वाला तोता दो साल पहले 40 हजार रुपए में ऑनलाइन खरीदा था। उस समय पुत्रवधु बेंगलुरु में रहती थी। पिछले दिनों लंदन की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पद पर नौकरी लगने के बाद वह तोते को रमेश विहार स्थित घर पर देकर चली गई। दो मार्च को तोता घर से लापता हो गया।
इंसानी बोली बोलने वाले इस तोते का पता बताने वाले के लिए इनाम भी रखा गया है। इस विदेशी तोते का पता बताने वाले को दस हजार रुपए तक इनाम की घोषणा की गई है। इतनी ही नहीं तोते की तलाश के लिए पोस्टर व पैंम्फलेट भी छपवाए गए हैं, जिन्हें लोगों में बांटा जा रहा है ताकि किसी को भी तोता मिले को वो जानकारी दे सकें। इस अफ्रीकन नस्ल के तोते की खासियत यह है कि यह तोता भूरे रंग का है और इसकी पूंछ लाल है। यह आदमी की आवाज में बोलता है। घरवालों के नाम लेता है और सीटी भी बजाता है।
थाना क्वार्सी में बोलने वाले तोते की गुमशुदगी दर्ज है। तोते की तलाश की जा रही है। अगर किसी को तोते के बारे में सूचना मिलती है तो वह 112 व थाने में संपर्क कर सकता है।