जबलपुर: एक अगस्त (ए)
) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर में ‘अटल मिशन फॉर रीजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन’ (अमृत) 1.0 योजना के तहत 362.31 करोड़ रुपये की ‘सीवरेज परियोजना’ का लोकार्पण किया और शहर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
उन्होंने इस अवसर पर फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने और जबलपुर को महानगर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने सहित कई नई घोषणाएं भी कीं।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने ग्वारीघाट क्षेत्र में सीवरेज परियोजना का लोकार्पण किया।
उन्होंने कठौंदा, लालपुर और तेवर में तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सिविल लाइंस में आधुनिक लॉन्ड्री तथा गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मछली बाजार का भी उद्घाटन किया।
यादव ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जबलपुर में लकड़ी आधारित फर्नीचर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए फर्नीचर क्लस्टर स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने शहर में एक संदीपनि विद्यालय खोले जाने की भी घोषणा की। संदीपनि विद्यालय राज्य सरकार की हाईटेक सरकारी विद्यालयों की प्रमुख योजना है।
उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत 11 लाख पौधे लगाने के अभियान का भी शुभारंभ किया।
सभा को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से आकाशवाणी को नई पहचान दी है।
उन्होंने मुफ्त राशन, आवास, हर घर नल से जल, शौचालय, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीबों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सहयोग की भावना से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक वर्ष के भीतर जबलपुर को महानगर के रूप में विकसित करने के लिए प्रारूप तैयार करेगी।
उन्होंने मदन महल के निकट एक बड़े चिड़ियाघर के निर्माण की योजना की भी घोषणा की और कहा कि राज्य में वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यटन को और सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।