बलिया (उप्र): नौ सितम्बर (ए) बलिया की एक स्थानीय परिवार अदालत ने बुधवार को गुजारा भत्ता से जुड़े एक मामले में सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने पर भोजपुरी अभिनेता एवं बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया। यह मामला पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने दायर किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार विधान परिषद सदस्य और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने बताया कि बुधवार को परिवार अदालत के प्रधान न्यायाधीश कमला पति प्रजापति की अदालत में ज्योति सिंह द्वारा अंतरिम गुजारा भत्ता के लिए दाखिल वाद पर सुनवाई निर्धारित थी। उन्होंने बताया साथ ही पवन सिंह का अदालत के समक्ष बयान भी दर्ज होना था। वकील के मुताबिक, पवन सिंह पटना में बाढ़ की वजह से कोर्ट में पेश नहीं हो सके। उनकी ओर से सुनवाई को आगे बढ़ाने के लिए आवेदन दिया गया था। इसके बाद कोर्ट ने पवन सिंह पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया और मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 अक्टूबर की तारीख तय की।बुधवार की सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह भी अपने वकील के साथ कोर्ट में मौजूद थीं।
