सोनभद्र (उप्र): छह नवंबर (ए)
) सोनभद्र जिले की म्योरपुर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर अपने पति के साथ मिलकर राजस्थान में शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली एक “लुटेरी दुल्हन”, उसकी मां और पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रानी कुमारी (23) और उसके पति रवि रंजन मौर्य (26) और रानी की मां माया देवी (50) के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के साथ ही उनके पास से लूट के जेवर और नकदी बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि राजस्थान के जालौर जिले के निवासी रमेश कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी कि म्योरपुर थाना क्षेत्र के निवासी कुछ लोगों द्वारा शादी के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद दुल्हन जेवर और नकद लेकर फरार हो गई। एसपी ने बताया कि पीड़ित द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को ‘लुटेरी दुल्हन’ रानी कुमारी, उसके पति रवि रंजन मौर्य और रानी की मां माया देवी को गिरफ्तार कर लिया।
वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर को उनके द्वारा यह वारदात की गई थी जिसमें लूट की धनराशि लगभग डेढ़ लाख रुपये थी। आरोपी लूटे गए जेवर बेचने के लिए राबर्ट्सगंज जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लुटेरी दुल्हन रानी पूर्व से ही शादीशुदा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों द्वारा पूर्व में किए गए अपराधों की जानकारी एकत्र की जा रही है साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का भी प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मंगल सूत्र, एक पायल और 9500 रुपये नकद बरामद किये।
सूत्रों ने बताया कि गिरोह के लोग दूसरे राज्यों में जिनकी शादी नहीं हो पाती उन्हें अपना शिकार बनाते हैं। इनके बिचौलिए पैसे लेकर शादी तय कराते और शादी के बाद दुल्हन पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती।