हैदराबाद: 27 अक्टूबर (ए) हैदराबाद में किराये के एक मकान में 18 वर्षीय युवती का कथित तौर पर बार-बार यौन उत्पीड़न करने वाले म्यांमा के तीन लोगों को मंगलवार को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि युवती के पति ने उसको उस कमरे में बंधक बना कर रखा था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता, उसका पति और अन्य तीनों आरोपी म्यामां के रहने वाले हैं।पुलिस अधिकारी के अनुसार, म्यांमा का रहने वाला आरोपी पति और उसके तीनों दोस्त शहर के एक शरणार्थी शिविर में रह रहे हैं।महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और अपने तीन दोस्तों को अंदर भेज दिया, जिन्होंने उसका यौन शोषण किया।
किराया लेने पहुंचे मकान मालिक को 23 अक्टूबर को युवती कमरे में बंद मिली। इसके बाद युवती ने शरणार्थी शिविर में रह रहे अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया और कंचनबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार, गलत तरीके से बंधक बनाने और आपराधिक धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज किया है।
मुख्य आरोपी इस साल मई में महिला को बांग्लादेश से हैदराबाद लाया, उससे शादी की और उसे किराए के एक मकान के कमरे में बंद रखा।
