जिला जेल में विचाराधीन कैदी की मौत के मामले में तीन कर्मी निलंबित

उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़
Spread the love

प्रतापगढ़: 11 अप्रैल (ए)) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिला जेल में एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो जाने के मामले में जेल प्रशासन ने एक डिप्टी जेलर सहित तीन कर्मियों को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जिला जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी के अनुसार, मृतक कैदी दीपक उर्फ राहुल, उन्नाव जिले के रसूलाबाद क्षेत्र के पुरवा मिर्जापुर का निवासी था। राहुल बलात्कार और पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोपों का सामना कर रहा था। वह प्रतापगढ़ के कंधई थाने में दर्ज मामले में एक नवंबर 2025 से जेल में बंद था।

अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। कैदी शुक्रवार को जेल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद जेल महानिदेशक ने डिप्टी जेलर ध्रुव नारायण श्रीवास्तव, मुख्य वार्डर (बंदी रक्षक) अखिलेश सिंह और एक अन्य कर्मचारी प्रसाद को निलंबित कर दिया है। साथ ही, डीआईजी (जेल) को मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कैदी की मौत कथित रूप से आत्महत्या के कारण हुई है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।