हाईवा ट्रक ऑटो पर पलटा, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश मिर्जापुर
Spread the love

मिर्जापुर (उप्र): 29 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकिया तिराहे के पास शनिवार देर रात्रि एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा उस समय घटित हुआ जब राखड़ से लदा एक हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया जिससे ऑटो में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घटना अदलहाट थाना क्षेत्र की नारायणपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत वाराणसी शक्ति नगर मार्ग पर सिकिया गांव के पास की है। यात्रियों को लेकर एक ऑटो अहरौरा से नरायणपुर की ओर जा रहा था। नारायणपुर बाजार के पास ऑटो चालक सवारी उतार रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा राखड़ लदा हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया।

थाना अध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि मृतकों में मोहन राजभर (52), अंजना (35) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।