पत्नी के अवैध संबंध से परेशान युवक ने अपने दो बच्चों को कुएं में फेंक कर किया आत्मदाह

देवास मध्य प्रदेश
Spread the love


देवास, 26 मार्च (ए)। मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जहां पत्नी के कथित अवैध संबंधों से परेशान एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़कर आत्मदाह कर लिया। खुदकुशी से करने से पहले उसने अपने दोनों बच्चों को भी कुएं में फेंक दिया। मामला देवास के बरोठा तहसील के गांव तोलापुरा का है। 
तोलापुरा निवासी मुकेश का अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह पत्नी के अवैध संबंधों की वजह से दुखी था। अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। दुखी होकर उसने अपने दोनों बच्चों आयुष और आदिल को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद घर आकर खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और फिर आग लगा ली। बताया जा रहा है कि उसने सुइसाइड नोट भी छोड़ा है।

मुकेश के भाई रिंकू ने बताया कि जब वह घर लौट रहा था तो उसे मुकेश मिला और उसने कहा कि उसने दोनों बच्चों को कुएं में फेंक दिया है, बचा सकते हो तो बचा लो। रिंकू तुरंत कुएं पर पहुंचा और आसपास के लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन वे दम तोड़ चुके थे। इसी बीच घर से भी मुकेश की चिल्लाने की आवाज आई तो लोग घर की ओर दौड़े, जहां मुकेश आग की लपटों से घिरा था। 
रिंकू ने बताया कि मृतक की पत्नी घटना के वक़्त मायके गयी हुई थी। वह अपनी पत्नी के अवैध सम्बंध से काफी परेशान था। इसी कारण कुछ दिन पहले झगड़ा भी हुआ था। इसके अलावा उसने इस बारे में बरोठा थाने में शिकायत भी की थी। 
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया मुकेश परमार और उसकी पत्नी के बीच अंबाराम को लेकर विवाद होता था। अंबाराम और मुकेश की पत्नी के बीच अवैध संबंध थे, जिसको लेकर 16 मार्च को मुकेश ने पत्नी की जमकर पिटाई की थी, जिससे वह मायके चली गई थी। मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।