देह व्यापार गिरोह के चंगुल से टीवी अभिनेत्री को बचाया गया, महिला गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

ठाणे: 11 अक्टूबर (ए) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मानव तस्करी और देह व्यापार के एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने 35 वर्षीय एक टीवी अभिनेत्री को बचाया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरोप है कि यह गिरोह मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेलता था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके पुरुष सहयोगी की तलाश की जा रही है।

पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, एक गैर  सरकारी संगठन (एनजीओ) से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आठ अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में एक फर्जी ग्राहक भेजा।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद वहां छापा मारकर तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) नामक महिला को पकड़ा गया। आरोप है कि वह महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेलने के एवज में पैसे ले रही थी।

उसने बताया कि हिंदी धारावाहिकों और वेब सीरीज में काम करने वाली एक अभिनेत्री को बचाया गया और उसकी सुरक्षा के लिए उसे मुंबई स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा गया है। पुलिस ने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।

पुलिस के अनुसार, कुरैशी और उसका एक पुरुष सहयोगी मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं, विशेष रूप से टीवी धारावाहिकों, वेब सीरीज और फोटो शूट में काम करने वाली महिलाओं को कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेलते थे।

विज्ञप्ति के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली और फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी में रह रही कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (मानव तस्करी) के साथ ही अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस उसके पुरुष सहयोगी की तलाश कर रही है।