नयी दिल्ली: पांच मार्च (ए)
) उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने के बाद दो जले हुए शव बरामद किए गए जबकि छह अन्य लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को शाम 4.38 बजे बहादुरगढ़ रोड पर बारा टूटी चौक के पास स्थित इमारत की ऊपरी मंजिल पर एक अस्थायी टिन शेड में खिलौनों के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली।आग इतनी भीषण थी कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की 20 से अधिक गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 20 घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।पुलिस के मुताबिक, दोनों के शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी पहचान भी संभव नहीं है। अब पुलिस परिजनों से डीएनए सैंपल लेकर शवों की पहचान करेगी। आग के दौरान पुलिस व दमकल कर्मियों ने छह लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान एक युवक के हाथ में कट लगने से वह घायल हो गया। जिन लोगों का रेस्क्यू किया गया इनकी पहचान मिथिलेश यादव, मुकेश शाह, संतोष, राजन, सुरेश कपड़ी और संजय के रूप में हुई है। सभी सदर बाजार इलाके में श्रमिक के रूप में कार्य कारते थे।