सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो महिला नक्सली ढेर

राष्ट्रीय
Spread the love

रायपुर, 20 सितंबर (ए) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बुधवार को सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के नगरम-पोरो हिरमा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को जानकारी देते हुए बताया कि जब  राज्य पुलिस की एक यूनिट जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी। इस अभियान के दौरान अरनपुर पुलिस थाने की सीमा के जंगल में सुबह करीब सात बजे गोलीबारी हुई। 

उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा-सुकमा अंतरजिला सीमा पर नगरम-पोरो हिरमा जंगलों के पास प्रतिबंधित संगठन के दरभा डिवीजन के नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने अभियान शुरू किया था। उन्होंने आगे बताया कि जब गश्ती दल इलाके की घेराबंदी कर रहा था तो दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी शांत होने के बाद घटनास्थल से एक इंसास राइफल और एक 12 बोर राइफल के साथ दो महिला नक्सलियों के शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।