गड्ढे में पाइप लाइन का काम कर रहे दो मजदूर मिट्टी में दबकर मरे

उत्तर प्रदेश जौनपुर
Spread the love

जौनपुर (उप्र): नौ अप्रैल (ए) जौनपुर में केराकत कोतवाली क्षेत्र के देवकली बाजार में चौकिया शिवालय के पास पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान बुधवार रात जमीन के भीतर वेल्डिंग का काम कर रहे दो मजदूर अचानक मिट्टी धंसने से मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर के प्रिंस कुमार (20) और निरंजन कुमार महतो (32) के रूप में हुई है।उन्होंने कहा कि दोनों पाइपलाइन में रिसाव को ठीक करने के लिए गड्ढे के अंदर वेल्डिंग कर रहे थे, इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का ढेर गिर पड़ा जिससे वे उसके नीचे नीचे दब गए।

पुलिस के अनुसार काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि गड्ढा काफी गहरा था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस के अनुसार दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मिट्टी ढहने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है।