केंद्रीय गृह मंत्रालय यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता की जांच कराएः बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु: नौ अक्टूबर (ए) बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने आठ अक्टूबर को यहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता, आव्रजन स्थिति और वीजा शर्तों के अनुपालन की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

केंद्रीय गृह सचिव को लिखे पत्र में राव ने कहा कि राठी, जिनके बारे में माना जाता है कि वह जर्मनी के नागरिक हैं, ने अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज और अन्य लोगों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था और एसआईआर को लेकर भारत के निर्वाचन आयोग की आलोचना की थी।

वर्ष 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चामराजपेट सीट से चुनाव लड़ने वाले राव ने ‘एक्स’ पर यह पत्र साझा किया।

राव को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

राव ने पत्र में कहा, ‘‘विशिष्ट मुद्दा यह है कि क्या किसी विशेष वीजा, आव्रजन अनुमति या अन्य दर्जे के आधार पर भारत में मौजूद कोई विदेशी नागरिक भारत की संवैधानिक और वैधानिक संस्थाओं के कामकाज से संबंधित किसी संगठित राजनीतिक प्रदर्शन में भाग लेने, उसे संबोधित करने या उससे किसी अन्य रूप में जुड़ने का कानूनी रूप से हकदार है।’’

उन्होंने मंत्रालय से राठी की मौजूदा नागरिकता और राष्ट्रीयता, भारत में प्रवेश के लिए इस्तेमाल किए गए पासपोर्ट, देश में प्रवास के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वीजा या अन्य अनुमति की श्रेणी, भारत आने के घोषित उद्देश्य और उनके अधिकृत प्रवास पर लागू शर्तों की पुष्टि करने का अनुरोध किया।

उन्होंने यह भी जांच करने की मांग की कि क्या लागू आव्रजन और वीजा नियमों के तहत राठी को प्रदर्शन में शामिल होने और उसे संबोधित करने की अनुमति थी तथा क्या इसके लिए पहले से मंजूरी लेना आवश्यक था।

राव ने कहा कि यदि विदेशी अधिनियम 1946, वीजा शर्तों, आव्रजन नियमों, ओसीआई नियमों या अन्य लागू कानूनों का कोई उल्लंघन पाया जाता है, तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

अपनी शिकायत का आधार स्पष्ट करते हुए राव ने कहा कि उनका अनुरोध राठी के राजनीतिक विचारों या सरकार अथवा निर्वाचन आयोग की आलोचना से असहमति के कारण नहीं है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विदेशी नागरिक भारत में अपनी मौजूदगी और गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले कानूनी ढांचे का पालन करें।

राठी ने बृहस्पतिवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एसआईआर के खिलाफ नागरिक समाज संगठनों और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा आयोजित ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ नामक प्रदर्शन में भाग लिया था। इसमें प्रकाश राज और कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी मौजूद थे।