उप्र में सपा विधायक इंद्रजीत सरोज समेत सैकड़ों लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

उत्तर प्रदेश कौशाम्बी
Spread the love

कौशांबी (उप्र): आठ नवंबर (ए) कौशांबी जिले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंझनपुर के विधायक इंद्रजीत सरोज सहित चार नामजद लोगों और सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और मंझनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मंझनपुर थाना क्षेत्र के ओसा गांव निवासी वीरेंद्र सरोज ने शनिवार देर रात पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह शाम करीब पांच बजे अपनी कार से प्रयागराज जा रहे थे तभी करारी थाना क्षेत्र के म्यौहर गांव के पास इंद्रजीत सरोज और उनके सैकड़ों समर्थकों ने उनकी कार को घेर लिया।

शिकायत के अनुसार, इंद्रजीत सरोज के साथ ओसा निवासी वेदपाल, शादाब और शिवपूजन यादव भी मौजूद थे। आरोप है कि इन लोगों ने वीरेंद्र सरोज को जान से मारने की नीयत से उनकी कार का घेराव किया और ‘भाजपा मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

घटना के समय वीरेंद्र सरोज का सरकारी ‘गनर’ भी उनके साथ था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वीरेंद्र सरोज की शिकायत पर शनिवार रात करारी थाने में विधायक इंद्रजीत सरोज, वेदपाल, शादाब, शिवपूजन यादव और सैकड़ों अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।