लखनऊ: 25 अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में 28 लाख टन चीनी का स्टॉक है, जो करीब सात महीने की खपत के लिए पर्याप्त है।
योगी ने यहां नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कहा, “आप देख रहे हैं कि चीनी संकट को लेकर चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। प्रदेश की एक महीने की कुल खपत चार लाख टन है और हमारे पास 28 लाख टन उपलब्ध है। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि हमारे पास सात महीने की चीनी उपलब्ध है।”यूपी में एक महीने में चीनी की 4 लाख टन खपत होती है। सीएम ने कहा कि यूपी न सिर्फ अपनी जरूरत पूरी करने में सक्षम है, बल्कि पूरे देश को चीनी उपलब्ध करा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अक्टूबर में जब फिर से चीनी मिलें चालू होंगी तो करीब 90 लाख टन चीनी का और उत्पादन होगा.मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इन नियुक्तियों में पारदर्शिता बरती गई है और किसी नियुक्ति पर सवाल खड़ा नहीं किया जा सकता।योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती का विज्ञापन निकलने के बाद कथित तौर पर वसूली का खेल शुरू हो जाता था और भर्ती प्रक्रिया लंबे समय तक अटकी रहती थी। कई मामलों में न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ता था। उनकी सरकार में योग्य अभ्यर्थियों का बिना भेदभाव चयन किया जा रहा है। इससे युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का लाभ पूरे प्रदेश को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया उनकी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।
